*जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को सुधारने के दिए कड़े निर्देश।*

Bureau Report /Raju Yadav /Maharajganj News 18 Plus/ Correspondent 

 

महराजगंज, जनपद के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी सबसे पहले आयुष्मान वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने कुछ व्यवस्थाओं को लेकर अपनी समस्याएं भी साझा कीं, जिस पर जिलाधिकारी ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

 

इसके बाद उन्होंने पीकू (PICU) वार्ड का निरीक्षण किया। यहां बच्चों के इलाज की व्यवस्थाओं, उपकरणों की उपलब्धता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। जिलाधिकारी ने चिकित्सकों से उपचार प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली और यह सुनिश्चित करने को कहा कि बच्चों को बेहतर से बेहतर इलाज मिले।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एसएनसीयू (SNCU) वार्ड भी पहुंचे, जहां नवजात शिशुओं की देखभाल की व्यवस्था देखी। उन्होंने वहां मौजूद स्टाफ को निर्देश दिया कि शिशुओं की निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी उपकरण पूरी तरह क्रियाशील रहें।

 

इस दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल की साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने तीमारदारों से बातचीत कर अस्पताल की सेवाओं पर फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।

 

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर इलाज, स्वच्छ वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

निरीक्षण के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है और अस्पताल प्रबंधन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुट गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *