Bureau Report/ News 18 Plus /Satyam Soni/ Nautanwa
नौतनवा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, करीब 20 हजार रुपये कीमत का 150 ग्राम चांदी का मुकुट बरामद!
नौतनवा (महराजगंज)। नौतनवा पुलिस ने चोरी की एक घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज तीन घंटे के भीतर चोरी गए चांदी के मुकुट को बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। बरामद मुकुट का वजन करीब 150 ग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में नौतनवा पुलिस ने चोरी के मामले में तेजी से कार्रवाई की।
पुलिस ने 28 अक्टूबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 213/2026, धारा 305(डी) एवं 317(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) से संबंधित मामले में वांछित आरोपी को नौतनवा इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबी कौशल (26 वर्ष), पुत्र धर्मेंद्र कौशल, निवासी वार्ड नंबर चार, मालवीय नगर, थाना नौतनवा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया करीब 150 ग्राम वजन का चांदी का मुकुट बरामद किया। महज तीन घंटे के भीतर मुकुट की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की त्वरित कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार दुबे, कांस्टेबल रजनीश कुमार और कांस्टेबल अनुज सिंह शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।