दिव्यांगजनों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान, 30 सितंबर को लगेगा मोबाइल कोर्ट!विकास भवन सभागार में राज्य आयुक्त दिव्यांगजन सुनेंगे शिकायतें, योजनाओं और अधिकारों की जानकारी भी मिलेगी।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज, 26 सितंबर। दिव्यांगजनों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से 30 सितंबर 2026 को विकास भवन सभागार, महराजगंज में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनकी शिकायतों का मौके पर निस्तारण सुनिश्चित करना है।

 

मोबाइल कोर्ट के दौरान दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत मिलने वाले अधिकारों एवं सुविधाओं, शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश में आरक्षण, गरीबी उन्मूलन एवं कल्याणकारी योजनाओं में आरक्षण तथा दिव्यांगजनों के साथ होने वाले भेदभावपूर्ण व्यवहार से संबंधित मामलों पर सुनवाई की जाएगी।

 

इसके अलावा 18 वर्ष से कम आयु के दिव्यांग बच्चों की समेकित शिक्षा, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा अन्य संबंधित शिकायतों का भी निस्तारण किया जाएगा।

 

जिला प्रशासन की ओर से दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे अपनी समस्या अथवा शिकायत से संबंधित निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर मोबाइल कोर्ट में शामिल हों, ताकि संबंधित प्रकरण पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मोबाइल कोर्ट को दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों, सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *