Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj
उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 के अंतिम परिणाम में मिली सफलता, एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी चयनित पुलिसकर्मियों को दी बधाई।
महराजगंज पुलिस विभाग में तैनात आठ आरक्षियों ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतिम परिणाम में सफलता प्राप्त कर सभी आठ आरक्षियों का उपनिरीक्षक पद पर चयन हुआ है। इस उपलब्धि से महराजगंज पुलिस परिवार में खुशी का माहौल है।
उपनिरीक्षक पद पर चयनित होने वालों में आरक्षी संदीप कुमार (112 शाखा), प्रिंस कुमार उपाध्याय (थाना कोठीभार), हिमांशु मिश्रा (थाना चौक), विवेक कुमार (थाना पनियरा), संदेश प्रकाश (कोतवाली), अमन अली शाह (थाना निचलौल), हिमांशु तिवारी (थाना परसामलिक) तथा महिला आरक्षी प्राची सिंह (थाना श्यामदेउरवा) शामिल हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी चयनित आरक्षियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन, लगन और निरंतर प्रयासों का सुखद परिणाम है। उपनिरीक्षक के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद सभी पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने बेहतर पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपेक्षा भी जताई।
आरक्षी से उपनिरीक्षक तक का यह सफर चयनित पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ ही पूरे महराजगंज पुलिस परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उनकी इस सफलता से विभाग के अन्य पुलिसकर्मियों को भी अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।