ब्यूरो रिपोर्ट/ राकेश त्रिपाठी निचलौल
मुख्य सम्पादक
महराजगंज जनपद के निचलौल क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। करीब 2:45 बजे निचलौल–सिसवा मार्ग पर लालपुरा टोला, अमहवा गांव के पास एक अनियंत्रित जनरेटर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला समेत दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमहवा गांव के पास एक टेंट हाउस का भारी जनरेटर टोचन के जरिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक जनरेटर अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार महिला और युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना क्षेत्र के नवागत थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क पर भारी उपकरणों के परिवहन में बरती जा रही लापरवाही को उजागर कर दिया है, जो आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है।