नेपाल के प्यूठान में दर्दनाक हादसा: 21 घायल, महिला व बच्ची की मौत — प्रशासन अलर्ट, राहत-बचाव तेज।

ब्यूरो रिपोर्ट/अनुभव पटेल/ नेपाल 

नेपाल के प्यूठान जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में चालक समेत कुल 21 लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला और एक मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है।

 

घटना की सूचना मिलते ही रूपनदेही के मुख्य जिला अधिकारी से समन्वय स्थापित कर सभी घायलों को लुंबिनी सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। मौके पर राहत कार्यों को गति देने के लिए एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद को तत्काल रवाना किया गया, जबकि एडीएम (एफ/आर) सोनौली में कैंप कर नेपाली प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं।

 

घायलों के बेहतर इलाज के लिए चार एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस सहित कुल 10 एंबुलेंस मौके पर भेजी गईं। साथ ही जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की मेडिकल टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है तथा अतिरिक्त बेड भी आरक्षित कर दिए गए हैं।

 

नेपाल प्रशासन भी राहत कार्यों में सक्रिय सहयोग दे रहा है और दोनों देशों के अधिकारियों के बीच लगातार संवाद जारी है। घायलों और मृतकों के परिजनों को नेपाल पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।

 

प्रशासन ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *