*दर्दनाक सड़क हादसा: टैंकर की टक्कर से घायल बाइक सवार की मौत, पत्नी जिंदगी और मौत से जूझ रही!*

News 18 Plus Bureau: Mithora/Kushinagar

 

मदनपुर स्थान से दर्शन कर लौट रहे दंपत्ति को टैंकर ने मारी टक्कर, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।

 

कुशीनगर। कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व हुए भीषण सड़क हादसे में घायल बाइक सवार की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं। घटना से मृतक के गांव नारायणपुर में मातम पसरा हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुर निवासी प्रेम सागर गौड़ (43) अपनी पत्नी मुन्नी देवी (40) के साथ 13 जुलाई को मदनपुर स्थान में दर्शन-पूजन कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हनुमानगंज थाना क्षेत्र के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

 

लगभग एक सप्ताह तक अस्पताल में जीवन के लिए संघर्ष करने के बाद सोमवार को प्रेम सागर गौड़ ने दम तोड़ दिया। वहीं उनकी पत्नी मुन्नी देवी का इलाज जारी है और उनकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

 

प्रेम सागर गौड़ की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी के अलावा तीन बेटे सन्नी गौड़, किशन गौड़, सचिन गौड़ तथा एक बेटी रौशनी को छोड़ गए हैं। पिता की असमय मौत से चारों बच्चों के सिर से साया उठ गया है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

सिंदुरिया थाना प्रभारी विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि हादसे के संबंध में हनुमानगंज थाने में आरोपी टैंकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विधिक कार्रवाई कर रही है तथा आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *