रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी
- पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन, 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी।
गोरखपुर। पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य सप्ताह लागू करने, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) के भुगतान में असमानता दूर करने समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर शुक्रवार को देशभर में बैंक कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर रहे। गोरखपुर में बैंक रोड स्थित मुख्य शाखा के सामने जिलेभर के बैंककर्मियों ने UFBU के बैनर तले प्रदर्शन कर सरकार के रवैये के खिलाफ आक्रोश जताया।
हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों ने विशाल रैली निकालकर जोरदार नारेबाजी की। रैली में महिला बैंककर्मियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही और महिला कर्मचारियों ने रैली का नेतृत्व किया। प्रदर्शनकारियों ने लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग करते हुए सरकार को चेतावनी दी।
पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू न होने पर नाराजगी
SBI स्टाफ एसोसिएशन के उप महामंत्री राहुल कुमार गुप्ता ने कहा कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर वर्ष 2015 में प्रत्येक माह के दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि मार्च 2024 में सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच माह के सभी शनिवार को अवकाश देने तथा इसके एवज में प्रत्येक कार्य दिवस 40 मिनट अतिरिक्त कार्य करने पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद लंबे समय से इस व्यवस्था को लागू नहीं किए जाने से बैंक कर्मचारियों में नाराजगी है।
UFBU गोरखपुर के कन्वेनर यूपीएन सिंह ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर की एक दिवसीय हड़ताल के बाद 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय हड़ताल प्रस्तावित है। इसके बाद भी यदि मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई तो 26 अक्टूबर 2026 से देशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।
500 करोड़ से अधिक का लेनदेन प्रभावित होने का दावा
बैंक यूनियनों के अनुसार, एक दिवसीय हड़ताल के कारण अकेले गोरखपुर मंडल में 500 करोड़ रुपये से अधिक का बैंकिंग लेनदेन प्रभावित हुआ। हालांकि, हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ा, जबकि डिजिटल बैंकिंग और अन्य वैकल्पिक माध्यमों से उपलब्ध सेवाएं जारी रहीं।
सभा में यूनियन बैंक के सचिव पुनीत धर दुबे, केनरा बैंक के क्षेत्रीय सचिव विवेक कुमार, ऑल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के गोरखपुर मंडल अध्यक्ष दीपक कुमार, अखिलेश सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव, एसबीआई ऑफिसर एसोसिएशन के ओपी पांडे, बैंक ऑफ बड़ौदा के महासचिव श्रेयांश श्रीवास्तव, इंडियन बैंक के अध्यक्ष आकाश सिंह, यूको बैंक के जिला प्रभारी मुरारी शुक्ला तथा स्टेट बैंक एसोसिएशन के राम आशीष यादव ने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम की व्यवस्था में स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन के सहायक महामंत्री अनिल गुप्ता और संदीप सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभा की अध्यक्षता अष्टमंडल उपाध्यक्ष एसपी त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन मंडल प्रतिनिधि रविकांत दुबे ने किया।
बैंककर्मियों ने कहा कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।