Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj
महराजगंज, 15 अक्टूबर। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का विशेष अभियान जारी है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी महराजगंज गौरव सिंह सोगरवाल एवं प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के.के. उपाध्याय के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जिले के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर चार खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने गांधी चौराहा, नौतनवा स्थित एम/एस सादिक ट्रेडर्स से गौक्रिष ब्रांड घी का नमूना लिया। वहीं मंगल बाजार, सोनौली स्थित एम/एस कन्हैया जनरल स्टोर से साबूदाना तथा इसी बाजार में एम/एस विष्णु इंटरप्राइजेज से पतंजलि ब्रांड कुट्टू आटा का नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा फरेंदा रोड, महराजगंज स्थित पतंजलि स्टोर से पतंजलि ब्रांड तिल के तेल का नमूना लिया गया।
कुल चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और सुरक्षित भंडारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-|| ने बताया कि पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना है।
जांच टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, पवन कुमार गोंड एवं हिमांशु जयंत शामिल रहे।