*कुर्सी संभालते ही एक दिन की डीएम प्रिया ने सुनीं जनसमस्याएं!*

Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj 

 

भिटौली की कक्षा 12 की छात्रा ने की जनसुनवाई, अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश।

 

महराजगंज। मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत बेटियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने की पहल के क्रम में 15 अक्टूबर को भिटौली निवासी कक्षा 12 की छात्रा प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस पहल में प्रिया ने जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर जनसुनवाई की और विभिन्न मामलों में संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

 

एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में प्रिया द्विवेदी ने जनसुनवाई के दौरान करीब 10 से 12 मामलों की सुनवाई की। परसा गिदही निवासी कुसुमवती के अंश निर्धारण संबंधी प्रकरण में अनावश्यक विलंब पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित हल्का लेखपाल को निर्देश दिए। ग्राम पंचायत नेता सुरहुरवा में साफ-सफाई की शिकायत पर जिला पंचायतराज अधिकारी को नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने को कहा। वहीं, सिसवा नगर पालिका क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत पर तहसीलदार निचलौल को प्रभावी कार्रवाई कर अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए।

 

डीएम ने छात्रा को समझाई प्रशासन की कार्यप्रणाली

 

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल छात्रा का लगातार मार्गदर्शन करते रहे। उन्होंने शिकायतों को सुनने, तथ्यों को समझने, संबंधित विभाग के कार्यालयाध्यक्ष को प्रकरण संदर्भित करने और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही जिलास्तरीय अधिकारियों के अधिकारों, दायित्वों और प्रशासनिक निर्णय लेने की प्रक्रिया से भी छात्रा को अवगत कराया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण है।

 

नवरात्रि में हर दिन महिला सशक्तिकरण की अलग थीम

 

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि मिशन शक्ति 6.0 के तहत शारदीय नवरात्रि के दौरान जिला प्रशासन की ओर से प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इसका उद्देश्य बेटियों को प्रशासनिक कार्यों से परिचित कराना और उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।

 

उन्होंने बताया कि प्रिया कक्षा 12 में जीव विज्ञान की छात्रा हैं और भविष्य में नीट की तैयारी करना चाहती हैं। जिलाधिकारी ने प्रिया को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह नीट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर परिवार और जनपद का नाम रोशन करेंगी।

 

‘डीएम बनकर गर्व महसूस हुआ’

 

जनसुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत में प्रिया द्विवेदी ने कहा कि एक दिन का जिलाधिकारी बनकर उन्हें प्रशासनिक कार्यों को करीब से समझने का अवसर मिला। जिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठकर उन्हें गर्व की अनुभूति हुई। उन्होंने बताया कि पूरी जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने उनका मार्गदर्शन किया और प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी और महिला कल्याण विभाग के प्रति आभार जताया।

 

जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत विभिन्न थीम पर लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रिया द्विवेदी को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। इसका उद्देश्य बेटियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विभिन्न विभागों की भूमिका से परिचित कराकर उनका मनोबल एवं आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें भविष्य में बेहतर उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *