चोरी की इलेक्ट्रिक स्कूटी और दो मोबाइल के साथ वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, खिलौना पिस्टल भी बरामद!

News 18 Plus Bureau/Chock

 

सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के जरिए चौक पुलिस ने आरोपी को दबोचा, पंजाब में भी दर्ज है आपराधिक मुकदमा।

जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौक पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चोरी की घटना में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी, दो मोबाइल फोन और एक खिलौना पिस्टल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय सिंह पुत्र कमल सिंह निवासी बेलहवा टेढ़ी, थाना पुरंदरपुर, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।

 

पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर की रात करीब एक बजे पारसखाड़ चौराहे से जितेंद्र गुप्ता निवासी जंगल गुलरिहा, थाना कोल्हुई बाजार की इलेक्ट्रिक स्कूटी और एक अन्य व्यक्ति का मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना डायल-112 के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलते ही चौक पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। इसके बाद मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पुलिस टीम ने 26 नवंबर को बेलहवा टेढ़ी से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की इलेक्ट्रिक स्कूटी, दो मोबाइल फोन और एक खिलौना पिस्टल बरामद की। इस मामले में थाना चौक पर मु0अ0सं0 222/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए), 331(4), 317(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

 

पंजाब में भी दर्ज है मुकदमा

 

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना चौक में वर्ष 2026 के दो मुकदमे दर्ज हैं, जबकि पंजाब के लुधियाना जनपद स्थित थाना सलेमटाबरी में भी एक मुकदमा दर्ज है।

 

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मनीष पटेल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजमान यादव, उपनिरीक्षक विशाल सिंह सहित थाना चौक की पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *