Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज, 25 मई 2026 बकरीद एवं आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रविवार शाम परतावल बाजार में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च गोरखपुर–महराजगंज मार्ग तथा पनियरा–परतावल मार्ग पर निकाला गया, जहां अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा और कानून व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया।
फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी पूरी सतर्कता एवं सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
प्रशासन ने मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और नमाज स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शरारती तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई। अधिकारियों को दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों से लगातार संवाद बनाए रखने के लिए कहा गया, ताकि आपसी सौहार्द और भाईचारा कायम रहे।
पुलिस अधीक्षक ने भी पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया पर नजर रखने, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा क्षेत्र में लगातार गश्त कर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।