*दीवार के विवाद में खूनी संघर्ष: वृद्धा पर कुदाल से जानलेवा हमला, बचाने आई बेटी को दांतों से काटा, हालत गंभीर, गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर।*

Bureau Report /Rakesh Tripathi Maharajganj/ News 18 Plus /Chief Editor

 

महराजगंज:कोतवाली थाना क्षेत्र के बागापार गांव में दीवार के पास से मिट्टी हटाने के मामूली विवाद ने बुधवार सुबह एक खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि एक महिला ने अपने पड़ोसी वृद्ध महिला पर हत्या की नीयत से धारदार कुदाल से हमला कर दिया। इस हमले में वृद्धा का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। मां को बचाने दौड़ी बेटी पर भी आरोपी महिला ने बेरहमी से हमला किया और उसे दांतों से काटकर जख्मी कर दिया। पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल से उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

मिट्टी हटाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागापार निवासी आराधना पत्नी रवि प्रताप ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उनकी मां मुन्नी देवी (पत्नी स्व. शिव बहादुर) की दीवार के सटीक काफी समय से मिट्टी डली हुई थी। बुधवार सुबह करीब 9 बजे गाँव की ही संगीता पत्नी अम्बरीश जबरन उस मिट्टी को हटाने लगी। जब मुन्नी देवी ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो आरोपी महिला आक्रोशित हो गई और पास में रखी धारदार कुदाल से मुन्नी देवी के सिर पर वार कर दिया।

बेहोश होने के बाद भी बरसाए लात-घूंसे

शिकायतकर्ता आराधना के मुताबिक, कुदाल के वार से उनकी मां का सिर फट गया और वे मौके पर ही बेहोश हो गईं। इसके बावजूद आरोपी का दिल नहीं पसीजा और उसने बेहोश वृद्धा के पेट, पैर और हाथों पर लात-घूंसों से हमला जारी रखा। शोर सुनकर जब आराधना अपनी मां को बचाने के लिए घर से बाहर भागी, तो आरोपी संगीता ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोपी ने आराधना के दोनों हाथों और पेट पर दांतों से काटकर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

घर में घुसकर बाल पकड़े, गला दबाकर जान से मारने का प्रयास

आरोप है कि जब आराधना अपनी जान बचाने के लिए वापस घर के अंदर भागने लगी, तो आरोपी महिला गाली-गलौज करते हुए जबरन उनके घर में घुस गई। उसने आराधना के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर पटक दिया और हत्या की नीयत से उनका गला दबाने लगी। आराधना द्वारा जोर-जोर से शोर मचाने पर आस-पास के पड़ोसी मौके पर इकट्ठा हो गए, जिन्हें आता देख आरोपी महिला जान-माल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गई।

डायल 112 से नहीं मिली मदद, मेडिकल कॉलेज रेफर

पीड़िता का आरोप है कि घटना की तत्काल सूचना डायल 112 को दी गई थी, लेकिन मौके पर कोई त्वरित कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद दोनों घायलों की बिगड़ती स्थिति को देखकर परिजनों ने डायल 102 एम्बुलेंस की मदद से उन्हें जिला मुख्यालय महराजगंज पहुंचाया। वहाँ डॉक्टरों ने वृद्धा मुन्नी देवी की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल पीड़िता आराधना ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी महिला के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट एफआईआर दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *