*पंचायत और ग्रामीणों ने लिया संकल्प, शिक्षा से नहीं वंचित रहेगी कोई बेटी।*

Bureau Report /Anubhav Patel Correspondent /News 18 Plus 

 

महराजगंज :- विकासखंड बृजमनगंज के ग्राम पंचायत कवलपुर में बेटियों को शिक्षा से जोड़ने और स्कूल से बाहर रह गई बालिकाओं का नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एजुकेट गर्ल्स संस्था द्वारा पंचायत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अभिभावकों को बालिका शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया तथा जन्म प्रमाणपत्र, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में पहल की गई।

बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जनार्दन यादव, प्रधानाध्यापक रमेश सिंह, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं सहित कुल 78 लोगों ने भाग लिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जनार्दन यादव ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही समाज की मजबूत नींव है और पंचायत इस अभियान में हर संभव सहयोग करेगी। प्रधानाध्यापक रमेश सिंह ने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। एजुकेट गर्ल्स की फील्ड कोऑर्डिनेटर सोनाली सिंह ने बताया कि संस्था गाँव-गाँव जाकर स्कूल से बाहर रह गई बालिकाओं को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने कहा कि जब हर बेटी शिक्षित होगी, तभी समाज और देश का समग्र विकास संभव होगा। टीम बालिका सदस्य रामकेवल ने स्वयंसेवक के रूप में कहा कि प्रत्येक बेटी को शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए, क्योंकि शिक्षा ही बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला है।

बैठक के अंत में उपस्थित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि ग्राम पंचायत की कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित नहीं रहेगी तथा सभी बालिकाओं का स्कूल में नामांकन और नियमित अध्ययन सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *