News 18 Plus Bureau: Siswa Kothibar
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के मंगल छपरा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान शीला गौंड (45 वर्ष) पत्नी बृजलाल निवासी मंगल छपरा के रूप में हुई है। बताया गया कि पारिवारिक विवाद के बाद महिला ने अपने घर के बगल स्थित बागीचे में एक पेड़ पर दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली।
घटना की सूचना पीआरवी के माध्यम से शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतका के परिवार में पति बृजलाल तथा तीन संतानें—पुत्री कोमल और पुत्र रोशन व लवकुश हैं।
पुलिस ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।