Bureau Report/ Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज पुलिस लाइन में आयोजित कार्यशाला में न्यायालयीन पैरवी, समयबद्ध विवेचना और समन्वय बढ़ाने पर हुआ मंथन।
महराजगंज। विचाराधीन मुकदमों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर रविवार को पुलिस लाइन सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में न्यायालयीन पैरवी को मजबूत बनाने, अभियोजन की गुणवत्ता बढ़ाने तथा लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण के लिए पुलिस एवं अभियोजन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी संजय शुक्ला, पीओ प्रवेंद्र दिवाकर, एपीओ सौरभ सिंह सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, पैरवी अधिकारी, न्यायालय पैरोकार एवं कोर्ट मुहर्रिर उपस्थित रहे।
कार्यशाला के दौरान विचाराधीन मुकदमों की प्रभावी पैरवी, समयबद्ध विवेचना, गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने, न्यायालय में आवश्यक अभिलेख समय से उपलब्ध कराने तथा अभियोजन अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही प्रत्येक थाने पर लंबित मुकदमों की नियमित समीक्षा करने और गंभीर मामलों में विशेष रुचि लेकर प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी संजय शुक्ला ने न्यायालयीन कार्यवाही में अभियोजन एवं विवेचना पक्ष के बीच सतत समन्वय बनाए रखने, गवाहों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सभी आवश्यक साक्ष्य एवं अभिलेख समयबद्ध ढंग से न्यायालय में प्रस्तुत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वाद की नियमित समीक्षा कर कमियों का समय रहते निराकरण किया जाए, ताकि अभियुक्तों को शीघ्र दंड दिलाया जा सके और न्यायालयीन प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो।
कार्यशाला में न्यायालयीन कार्यवाही के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को न्यायालय संबंधी कार्यों में पूर्ण उत्तरदायित्व, समन्वय और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।