Bureau Report /Rakesh Tripathi Maharajganj /News 18 Plus /Chief Editor
सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया और कानून-व्यवस्था का लिया जायजा, निष्पक्ष परीक्षा के दिए निर्देश।
महराजगंज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के दूसरे दिन अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महामाया पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा भिटौली थाना क्षेत्र के शिव जपत सिंह इंटर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पुलिस बल की सतर्कता और कानून-व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अनियमितता या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने तथा अभ्यर्थियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। पुलिस प्रशासन ने बताया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।