Bureau Report /Anubhav Patel /Nichlaul Correspondent /News 18 Plus
स्टैंड होने के बावजूद सड़क पर खड़े किए जा रहे वाहन, अधिवक्ताओं ने भी उठाई कड़ी आपत्ति, पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग।
महराजगंज। निचलौल तहसील परिसर के बाहर मुख्य मार्ग पर अव्यवस्थित और अवैध पार्किंग की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। वाहन स्टैंड उपलब्ध होने के बावजूद बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन सड़क किनारे तथा मुख्य मार्ग पर ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इसका खामियाजा आम नागरिकों, अधिवक्ताओं, वादकारियों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों सहित हजारों राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि तहसील आने वाले लोग सुविधा के लिए निर्धारित स्टैंड का उपयोग करने के बजाय सीधे सड़क पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं। इससे सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है और दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस, स्कूली वाहन और आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे किसी बड़ी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस गंभीर समस्या को लेकर निचलौल तहसील के अधिवक्ताओं ने भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब पार्किंग की व्यवस्था पहले से उपलब्ध है, तब सड़क पर वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना है कि पुलिस और प्रशासन की नियमित निगरानी तथा प्रभावी कार्रवाई के अभाव में यह समस्या दिन-प्रतिदिन विकराल रूप धारण करती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर अवैध पार्किंग के कारण आए दिन जाम लगता है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। कई बार छोटे-छोटे विवाद भी उत्पन्न हो जाते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा बना रहता है।
जनता ने तेज़-तर्रार पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए निचलौल तहसील मार्ग पर विशेष अभियान चलाया जाए। सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध चालान एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाए, निर्धारित पार्किंग व्यवस्था को सख्ती से लागू कराया जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाकर आम जनता को जाम की समस्या से स्थायी राहत दिलाई जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब पार्किंग स्टैंड मौजूद है, तो आखिर सड़क पर अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो यह लापरवाही किसी बड़े सड़क हादसे का कारण बन सकती है।