*आवारा पशुओं के आतंक पर फूटा नगरवासियों का गुस्सा, प्रदर्शन कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग।*

Bureau Report /News 18 Plus /Siswa Kothibar 

 

सिसवा बाजार (महराजगंज) सिसवा नगरपालिका क्षेत्र में आवारा पशुओं के कारण लगातार हो रहे हादसों से नाराज नगरवासियों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। अमरपुरवा मोहल्ले में एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन कर नगर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने आवारा पशुओं को सड़कों से हटाने के लिए तत्काल अभियान चलाने और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

 

प्रदर्शन की वजह शनिवार देर शाम हुई वह दर्दनाक घटना बनी, जिसमें नगरपालिका के लोहिया नगर वार्ड स्थित खेखड़ा नाले के पास एक छुट्टा खच्चर की चपेट में आने से सबया निवासी 38 वर्षीय सच्चिदानंद चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद पूरे नगर में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिसवा नगर में आवारा खच्चरों और अन्य पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सका है।

 

प्रदर्शन के दौरान एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने कहा कि यदि नगर प्रशासन ने शीघ्र ही आवारा पशुओं के खिलाफ व्यापक अभियान नहीं चलाया, तो लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर उन्हें जेल भेजने की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों ने कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा को ज्ञापन सौंपा। थाना प्रभारी ने मामले से संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराते हुए आवश्यक एवं उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।

 

प्रदर्शन में एडवोकेट उमाशंकर जायसवाल, भाजपा नेता धर्मनाथ खरवार, नवीन मद्धेशिया, निखिल रौनियार, अतुल, रंजीत केसरी, सूरज यादव, चंद्रशेखर सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *