Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj
नारायणी नदी में वाटर टूरिज्म की संभावनाएं तलाशने और पूजा स्थल विकसित करने के भी दिए निर्देश।
महराजगंज, 18 जुलाई 2026। मानसून के मद्देनजर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शनिवार को तहसील निचलौल क्षेत्र के झुलनीपुर बैराज और नारायणी नदी के दाएं किनारे स्थित विभिन्न तटबंधों का निरीक्षण कर बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नारायणी-छितौनी तटबंध का निरीक्षण किया और तटबंध के शीर्ष पर बनी सड़क तथा दोनों ओर की ढाल की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सिंचाई विभाग को तटबंध पर पर्याप्त मात्रा में मिट्टी का स्टॉक बनाए रखने तथा रेंटकट सुदृढ़ीकरण कार्य को गुणवत्ता के साथ कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि नारायणी-छितौनी तटबंध से 31 गांवों की लगभग 70 हजार हेक्टेयर भूमि सुरक्षित एवं लाभान्वित होती है।
इसके बाद डीएम ने स्पर संख्या-01 पर कंक्रीट ब्लॉक से किए जा रहे लॉन्चिंग एप्रन एवं स्लोप पिचिंग कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस स्थान को नारायणी पूजा स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही नारायणी नदी में वाटर टूरिज्म की संभावनाओं को विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान सिंचाई विभाग समेत सभी संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क रहें। तटबंधों की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर अमित सिंह, अधिशासी अभियंता सिंचाई राजीव कपिल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।