*महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश: ब्रिजमनगंज पुलिस ने 6 आरोपियों को दबोचा, ऑटो समेत चोरी का माल बरामद!*

News 18 Plus /Bureau /Maharajganj 

 

महराजगंज। जनपद की बृजमनगंज पुलिस ने एक संगठित अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 महिला समेत कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी का माल, घटना में प्रयुक्त ऑटो, नकदी व अन्य सामान बरामद किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई।

 

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्र स्थित एक आभूषण की दुकान में चोरी की घटना हुई थी। इस मामले में वादी नूर मोहम्मद की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज और गाण्डिव पोर्टल की मदद से पुलिस ने गिरोह के सदस्यों की पहचान की।

 

जांच में सामने आया कि गिरोह की सरगना मंजू पत्नी विजय बहादुर पासवान है, जो पहले भी कई चोरी के मामलों में जेल जा चुकी है। पुलिस ने उसे आधार बनाकर गिरोह की अन्य महिला सदस्यों और घटना में शामिल ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया।

 

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

 

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि गिरोह की महिलाएं रिश्तेदार हैं और योजनाबद्ध तरीके से अलग-अलग जिलों के बाजारों को निशाना बनाती थीं। कुछ महिलाएं दुकान में ग्राहक बनकर दुकानदार को बातचीत में उलझाती थीं, जबकि अन्य सदस्य मौका देखकर कीमती आभूषण पार कर देती थीं। वारदात के बाद सभी अलग-अलग निकल जाते थे और एक ही ऑटो से आते-जाते थे।

 

चोरी के बाद पहचान छिपाने के लिए आभूषणों को गलाकर पीली धातु की टिकिया बना दी जाती थी, ताकि उन्हें आसानी से बेचा जा सके।

 

क्या-क्या हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 5.57 ग्राम पीली धातु की टिकिया, घटना में प्रयुक्त ऑटो (UP53LT7603), 4 कीपैड मोबाइल फोन और 12,580 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की जांच की जा रही है।

मुख्य आरोपी का आपराधिक इतिहास

मुख्य अभियुक्ता मंजू के खिलाफ पूर्व में महराजगंज और गोरखपुर जनपद में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वह जेल भी जा चुकी है।

पुलिस की अपील

महराजगंज पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि बाजारों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और तुरंत पुलिस को सूचना दें। दुकानों में सीसीटीवी कैमरे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *