News 18 Plus /Bureau /Siswa Kothibar
महराजगंज। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनबरसा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपनी सौतेली सास और दो अन्य लोगों पर चाय में गर्भपात की दवा मिलाकर पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता मोहिनी (23) पत्नी पंकज सिंह की शादी 2 दिसंबर 2025 को हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी सौतेली सास फूलेना देवी उससे रंजिश रखती थी। घटना 9 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है, जब उसके पति घर से बाहर थे। इसी दौरान आरोप है कि सौतेली सास ने गांव के ही सोहन और त्रिलोकी के साथ मिलकर साजिश रची और मेडिकल स्टोर से दवा लाकर चाय में मिलाकर उसे पिला दी।
पीड़िता के मुताबिक, दवा पीने के अगले ही दिन 10 अप्रैल को उसे तेज ब्लीडिंग शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर 11 अप्रैल को निचलौल रोड स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर में जांच कराई गई। आरोप है कि जांच रिपोर्ट को भी आरोपियों ने जबरन अपने पास रख लिया और मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस ने शुरुआत में कार्रवाई नहीं की, बल्कि दबाव बनाने के लिए उसके खिलाफ ही फर्जी मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसके बाद पीड़िता ने न्यायालय सिविल जज (ज्यू०डि०) कोर्ट संख्या-3 महराजगंज की शरण ली।
कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य को सौंपी गई है, जो सभी साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर गहन जांच कर रहे हैं।
थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।