*एसएसबी का जनकल्याण: गांव में लगा निःशुल्क चिकित्सा शिविर, 130 ग्रामीणों को मिला उपचार!*

News 18 Plus /Bureau /Sohagibarwa 

 

महराजगंज, 29 जुलाई 2026। सीमावर्ती क्षेत्रों में जनसेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक सराहनीय पहल की है। कमांडेंट श्री शक्ति सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में नागरिक कल्याण कार्यक्रम (CAP) के अंतर्गत ए-समवाय पतलावा द्वारा ग्राम सोहगीबरवा में निःशुल्क विलेज ओ.पी.डी. चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

 

शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोहगीबरवा की डॉ. ब्यूटी कुमारी ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का भी वितरण किया गया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली।

 

इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ कुल 130 ग्रामीणों ने उठाया, जिनमें 48 महिलाएं, 62 पुरुष और 20 बच्चे शामिल रहे। शिविर के दौरान केवल इलाज ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों को नशा मुक्ति, जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों, मौसमी रोगों की रोकथाम और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया गया।

 

ग्रामीणों ने एसएसबी की इस जनहितकारी पहल की खुलकर सराहना की और ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की। सीमावर्ती गांवों में इस तरह की पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ा रही है, बल्कि सुरक्षा बलों और आम जनता के बीच विश्वास को भी मजबूत कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *