News 18 Plus /Bureau /Siswa Kothibar
कोठीभार (महाराजगंज) थाना क्षेत्र के ग्राम जहदा में तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाने के कारण एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जहदा निवासी रोज़ीदुन निशा (पत्नी युसुफ) बीते 5 जुलाई 2026 को शाम करीब 5:30 बजे खेत में काम समाप्त कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव की सड़क पर तेज गति से आ रही पल्सर बाइक (नंबर: UP56 BF 2523) के चालक ओम (पुत्र सिद्धनाथ, निवासी सोनबरसा बेलवा घाट) ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में रोज़ीदुन निशा गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्होंने कोठीभार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।