News 18 Plus /Bureau/ Nichlaul Maharajganj
निचलौल/महराजगंज। भगवान शिव की आराधना का पावन सावन मास गुरुवार, 30 जुलाई से शुरू होते ही निचलौल क्षेत्र के प्रसिद्ध पंचमुखी शिव मंदिर, इटहिया (मिनी बाबा धाम) में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही श्रद्धालु गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा व पूजन सामग्री लेकर मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।
सावन के पहले दिन मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया। आस्था और उत्साह के इस अद्भुत संगम ने सावन मेले की भव्यता की झलक पहले ही दिन दिखा दी।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन समिति एवं प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की थीं। मंदिर परिसर की विशेष साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा जलाभिषेक की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में 47 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी में जुटी हैं, ताकि दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
सुविधाओं का विशेष ध्यान
श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, सड़क, पार्किंग एवं भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने पूरे सावन माह के लिए विशेष व्यवस्था लागू कर दी है।
चार सोमवार का विशेष महत्व
इस वर्ष सावन में चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिनका विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। पहला सोमवार 3 अगस्त, दूसरा 10 अगस्त, तीसरा 17 अगस्त और चौथा एवं अंतिम सोमवार 24 अगस्त को होगा। सावन मास का समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व के साथ होगा।
सावन के पहले ही दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ यह संकेत दे रही है कि इस बार भी इटहिया पंचमुखी शिव मंदिर सहित जिले के प्रमुख शिवालयों में सावन मेला पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। पूरे माह शिवभक्ति और आस्था का वातावरण चरम पर रहने की उम्मीद है।