News 18 Plus/ Bureau /Thuthibari
महराजगंज। श्रावण मास में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र, गोरखपुर एस. चन्नप्पा एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने पंचमुखी शिव मंदिर, इटहिया का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का गहनता से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात संचालन की स्थिति को परखा। इस दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान मंदिर परिसर में नियमित गश्त सुनिश्चित की जाए तथा हर गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।