*महराजगंज में दर्दनाक हादसा: छत के ऊपर से गुजरी 11 हजार वोल्ट की लाइन ने ली मजदूर की जान, दो मासूमों के सिर से उठा पिता का साया!*

News 18 Plus /Bureau/ Maharajganj Chowk

 

*विद्युत विभाग की घोर लापरवाही से लालपुर दरहटा में मातम, परिजनों व ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से की आर्थिक मुआवजे की मांग*

 

महराजगंज/चौक: जनपद के चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लालपुर दरहटा निवासी एक निर्धन मजदूर की जिला मुख्यालय पर काम के दौरान हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं संपूर्ण क्षेत्र में गहरा शोक और विभागीय लापरवाही को लेकर तीव्र आक्रोश व्याप्त है।

 

सरिया उठाते ही फैला मौत का करंट:

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालपुर दरहटा निवासी प्रदीप कुमार अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए जिला मुख्यालय महराजगंज में मजदूरी करने गए थे। वहां एक मकान की छत पर कार्य करते समय जैसे ही उन्होंने लोहे का सरिया उठाया, वह छत के ठीक ऊपर से गुजरी 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से स्पर्श कर गया। करंट इतना तेज था कि प्रदीप को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई।

 

मासूमों के भविष्य पर मंडराया आजीविका का संकट:

 

मृतक प्रदीप कुमार अपने पीछे अपनी पत्नी और दो छोटे-छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की असमय मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में यह सवाल हर जुबान पर है कि इन बेकसूर बच्चों के सिर से पिता का साया उठने के बाद अब इस परिवार का गुजर-बसर कैसे होगा?

 

जिम्मेदार मौन: कब जगेगा बिजली विभाग?

 

हादसे के बाद स्थानीय जनमानस में विद्युत निगम के आलाधिकारियों के खिलाफ भारी असंतोष है। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि घनी आबादी और छतों के ऊपर से गुजर रही जनलेवा हाईवोल्टेज लाइनों को लेकर अधिशासी अभियंता व अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह कभी भी गंभीर नजर नहीं आते। जनहित और सुरक्षा से जुड़े ऐसे संवेदनशील मामलों पर संज्ञान न लेना विभाग की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

पीड़ित परिवार को मिले सरकारी मदद:

घटना से मर्माहत स्थानीय निवासियों और समाजसेवियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि पीड़ित परिवार को तत्काल उचित वित्तीय सहायता व मुआवजा राशि प्रदान की जाए, ताकि मृतक की पत्नी और अनाथ बच्चों का जीवनयापन सुचारू रूप से हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *