News 18 Plus/Bureau /Thuthibari
ठूठीबारी/महराजगंज। जनपद पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बैटरियां, सोलर पैनल, मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देश तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल रवीन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना ठूठीबारी पुलिस टीम ने थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में बुधवार तड़के मुखबिर की सूचना पर ग्राम मैरी में दबिश दी।
इस दौरान मु.अ.सं. 109/26, धारा 331(4) व 305(ए) बीएनएस से संबंधित मामले में तबरेज अंसारी निवासी जमुईकला, चन्द्रशेखर साहनी निवासी कटका तथा बलराम दूबे निवासी जमुईकला को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की 4 ईस्टमैन कंपनी की बैटरियां, 5 पीवी पावर टेक कंपनी के सोलर पैनल, 2 मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP56BH5970) बरामद हुई।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश सिंह यादव, उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव, कांस्टेबल दिलीप यादव, सुनील कुमार, अवधेश यादव, निलेश पाण्डेय, दीपक कुमार एवं दुर्गा प्रसाद चौरसिया शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है, साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी जारी है।