Bureau Report /News 18 Plus /Farenda
फरेंदा/महराजगंज। जनपद के फरेंदा थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पिपरा तहसीलदार गांव की एक युवती अचानक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। ऊंचे टॉवर पर युवती को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती बिना किसी डर के तेजी से टॉवर पर चढ़ गई, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फरेंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई।
कड़ी मशक्कत के बाद बचाई जान
पुलिस टीम ने सूझबूझ और धैर्य का परिचय देते हुए युवती को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले समझाइश और प्रयासों के बाद आखिरकार पुलिस ने युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों की सांसें थमी रहीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती टॉवर पर चढ़ी नजर आ रही है, जबकि नीचे पुलिस और ग्रामीण उसे बचाने में जुटे हैं।
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल युवती के इस कदम के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती ने ऐसा खतरनाक कदम क्यों उठाया।
इस घटना ने एक बार फिर मानसिक तनाव और सामाजिक परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। समय रहते पुलिस की सक्रियता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।