*राष्ट्रीय खेल दिवस पर जिलेभर में खेल प्रतियोगिताओं की धूम, 200 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा!*

Bureau Report /Rakesh Tripathi Maharajganj /News 18 Plus /Chief Editor 

 

महराजगंज। मेजर ध्यानचंद जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को युवा कल्याण विभाग की ओर से जिलेभर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभागीय स्टेडियमों के साथ ग्राम पंचायतों में पंजीकृत मंगल दलों ने भी खेल गतिविधियां आयोजित कर युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया।

 

चौक स्थित महंत दिग्विजयनाथ बहुउद्देशीय इंडोर स्टेडियम में पांच किलोमीटर, 1600 मीटर, 800 मीटर दौड़ और कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें करीब 200 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ चौक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हरेंद्र यादव ने फ्लैग ऑफ कर किया।

 

समापन अवसर पर निचलौल क्षेत्राधिकारी, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी, नगर पंचायत चौक के सभासद हरिकेश बहादुर पटेल और चौक थानाध्यक्ष ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, मेडल और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया। इस दौरान व्यायाम प्रशिक्षक बृजेश यादव, खेल प्रशिक्षक श्यामकरन, यशवंत पटेल, युगल किशोर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

 

वहीं खेलो इंडिया ग्रामीण स्टेडियम, फरेंदा में बैडमिंटन और वॉलीबाल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। विजेता खिलाड़ियों को टी-शर्ट, प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी प्रवीण मिश्रा, स्टेडियम कोच विपिन मौर्य, स्टेनफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल के कोच आफताब आलम सहित खिलाड़ी, अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

इसके अलावा युवा कल्याण विभाग में पंजीकृत मंगल दलों की ओर से गोधावल, बैजनाथपुर, सोनबरसा, माधवनगर, मुंडेरी, पोखरभिंडा, बिस्वा शिकारपुर, चटिया, पकड़ीभरतखंड, पटखौली और बसंतपुर सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों में खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं।

 

जिला युवा कल्याण अधिकारी वैभव सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद के सभी निवासी प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए अवश्य निकालें। खेलों से युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *