Bureau Report /Rajiv Tripathi /Nichlaul
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के झाड़वलिया गांव में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में स्थित शीशम के पेड़ से एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दीनानाथ पुत्र रामलालित (25 वर्ष), निवासी झाड़वलिया, थाना निचलौल के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार को करीब 1:15 बजे युवक ने गांव के खेत में स्थित शीशम के पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना करीब 1:35 बजे पुलिस को दूरभाष के माध्यम से मिली।
सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले परिजनों ने युवक के शव को पेड़ से नीचे उतारकर घर पर रख दिया था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।