Bureau Report /News 18 Plus/ Nichlaul
निचलौल/महराजगंज। नेपाल से तस्करी के जरिए भारत लाए गए तृतीय देशीय चाइनीज लहसुन के अवैध भंडारण की सूचना पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम रेंगहिया में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 119 बोरियों में कुल 3332 किलोग्राम चाइनीज लहसुन बरामद कर जब्त किया गया। मामले में एक भारतीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को सीमा स्तम्भ संख्या 501 से करीब 600 मीटर भारत की ओर ग्राम रेंगहिया निवासी धर्मेंद्र सिंह पुत्र रामनरेश सिंह के घर में नेपाल से तस्करी के माध्यम से लाए गए चाइनीज लहसुन के भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर समवाय प्रभारी झूलनीपुर, निरीक्षक शिव पूजन प्रसाद ने नायब तहसीलदार निचलौल पीयूष जायसवाल और रेंगहिया पुलिस चौकी के उप निरीक्षक सूरज तिवारी को जानकारी दी।
इसके बाद नायब तहसीलदार पीयूष जायसवाल के नेतृत्व में एसएसबी, स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सुबह करीब 6 बजे से 8 बजे तक धर्मेंद्र सिंह के घर पर नियमानुसार तलाशी एवं छापेमारी की कार्रवाई की।
तलाशी के दौरान 119 बोरी चाइनीज लहसुन, प्रत्येक बोरी में 28 किलोग्राम, कुल 3332 किलोग्राम बरामद हुआ। कार्रवाई के दौरान गिरजेश सिंह पुत्र बेचई सिंह, निवासी ग्राम दिगही इटहिया, थाना ठूठीबारी, जिला महराजगंज को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी दी गई है।
बरामद लहसुन को मौके पर नियमानुसार जब्त कर कब्जे में लिया गया। गिरफ्तार व्यक्ति और बरामद माल के संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई संबंधित विभाग एवं थाना स्तर से की जा रही है।
संयुक्त कार्रवाई में एसएसबी, रेंगहिया पुलिस चौकी और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।