*सोनौली सीमा का मंडलायुक्त और डीआईजी ने किया औचक निरीक्षण, धीमे निर्माण कार्यों पर जताई नाराजगी!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Sonauli 

 

इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट और फायर स्टेशन का लिया जायजा, ठेकेदार पर 10 प्रतिशत कॉस्ट करेक्शन की कटौती के निर्देश।

महराजगंज। गोरखपुर मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चनप्पा ने गुरुवार को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र सोनौली का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही निर्माणाधीन राष्ट्रीय चेकपोस्ट/इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट, बहुउद्देशीय हब मुडिला तथा पुलिस फायर स्टेशन मुडिला-छपवा का निरीक्षण किया।

 

सोनौली सीमा स्थित नो-मैन्स लैंड का निरीक्षण करने के बाद दोनों अधिकारियों ने एसएसबी सीमा चौकी पर एसएसबी, पुलिस, कस्टम, इमीग्रेशन और खुफिया विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान सीमा सुरक्षा, आवागमन व्यवस्था और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने सीमा पर आने वाली समस्याओं और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

नेपाल आपदा को लेकर भी ली जानकारी

 

मंडलायुक्त ने नेपाल में आई दैवीय आपदा के बाद की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की ओर से नेपाल की सहायता के लिए आवश्यक सामग्री भेजी गई है और विदेश मंत्रालय के स्तर से लगातार समन्वय किया जा रहा है। नेपाल के कुछ नागरिकों के शव भारतीय क्षेत्र में बहकर आने की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद शवों को सम्मानपूर्वक नेपाल के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। नेपाल में लापता पूर्वांचल के लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

 

इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट की धीमी रफ्तार पर नाराजगी

 

भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट का निरीक्षण करते हुए मंडलायुक्त ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। निर्धारित समयसीमा के अनुरूप काम पूरा नहीं होने और निर्माण की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्य में शिथिलता बरतने पर 10 प्रतिशत कॉस्ट करेक्शन की कटौती किए जाने के निर्देश दिए।

 

मंडलायुक्त ने कार्यदायी संस्था की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों के पर्यवेक्षण की भी समीक्षा की। उन्होंने अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने, निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और परियोजना को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

 

फायर स्टेशन के विलंब पर भी कड़ी नाराजगी

 

मुडिला-छपवा, नौतनवा में निर्माणाधीन पुलिस फायर स्टेशन का निरीक्षण करते हुए मंडलायुक्त ने कार्य की प्रगति देखी। परियोजना का निर्माण पूर्व में पूरा किया जाना था, लेकिन कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल के परियोजना प्रबंधक की शिथिलता और प्रभावी पर्यवेक्षण के अभाव में हुई देरी पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाधिकारी को कार्यदायी संस्था के प्रबंध निदेशक और शासन को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।

 

बहुउद्देशीय मीटिंग हॉल का भी निरीक्षण

 

मंडलायुक्त ने जिला मुख्यालय पर निर्माणाधीन बहुउद्देशीय मीटिंग हॉल का भी निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।

 

मीडिया से बातचीत में मंडलायुक्त ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और इमीग्रेशन अधिकारियों से सीमा पर आने वाली समस्याओं और आवश्यकताओं को लेकर फीडबैक लिया गया है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीमा क्षेत्र में कुछ अतिरिक्त इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता बताई गई है, जिस पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि नेपाल में आई दैवीय आपदा के बाद की परिस्थितियों पर भारत सरकार और संबंधित विभाग लगातार नजर रख रहे हैं। भारत और नेपाल के अधिकारियों के बीच आवश्यक समन्वय स्थापित कर प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।

 

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी विजय यादव, क्षेत्राधिकारी नौतनवा, तहसीलदार नौतनवा सहित एसएसबी, कस्टम, इमीग्रेशन, खुफिया विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *