Bureau Report /Rakesh Tripathi Maharajganj/ News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज। उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप,यूपीआईडीएस-2026 के अंतर्गत मंडलीय स्तर पर आयोजित क्रेडिट कैंपों की श्रृंखला में मंगलवार को एनेक्सी भवन, गोरखपुर में मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोरखपुर मंडल के आयुक्त ने की, जबकि मुख्य अतिथि नगर निगम गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश रहे।
मेगा क्रेडिट कैंप में महराजगंज जनपद के विभिन्न बैंकों द्वारा सरकारी ऋण योजनाओं के तहत कुल 2,199 लाभार्थियों को ₹4,367.48 लाख यानी करीब ₹43.67 करोड़ की ऋण सहायता उपलब्ध कराई गई।
योजना-वार ऋण वितरण में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत 63 लाभार्थियों को ₹188.19 लाख, पीएम सूर्यघर योजना में 157 लाभार्थियों को ₹260.34 लाख, मुद्रा लोन के तहत 57 लाभार्थियों को ₹395 लाख, ओडीओपी योजना में चार लाभार्थियों को ₹23.48 लाख तथा पीएम स्वनिधि योजना में 28 लाभार्थियों को ₹6.55 लाख का ऋण दिया गया।
इसी तरह किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के तहत 1,061 लाभार्थियों को ₹1,558.01 लाख तथा अन्य योजनाओं के अंतर्गत 857 लाभार्थियों को ₹1,935.91 लाख की ऋण सहायता उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी ऋण योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा ऋण का सदुपयोग कर स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
एक ही मेगा क्रेडिट कैंप के माध्यम से महराजगंज के 2,199 लाभार्थियों को ₹43.67 करोड़ की ऋण सहायता मिलना वित्तीय समावेशन और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे कृषि, लघु व्यवसाय, स्वरोजगार सहित अन्य आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने और जनपद की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।