न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/सिसवा-कोठीभार
पुलिस जांच रिपोर्ट में शिकायतकर्ता के आरोपों की पुष्टि नहीं; बिना पर्ची व साक्ष्य के वर्ष 2022 के भुगतान को लेकर लगाए गए थे आरोप, शांति व्यवस्था के लिए निरोधात्मक कार्रवाई।
महराजगंज। साधन सहकारी समिति बेलभरिया के सचिव रजनीकांत मिश्रा को लेकर शिकायतकर्ता अरुण कुमार पटेल द्वारा लगाए गए आरोप पुलिस जांच में पुष्ट नहीं हो सके। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक संदीप कुमार की रिपोर्ट में शिकायतकर्ता द्वारा किसानों के भुगतान से संबंधित लगाए गए आरोपों को जांच के दौरान असत्य पाया गया है।
शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच करते हुए समिति से जुड़े किसानों के बयान लिए। जांच के दौरान शेषनाथ भट्ट, नरेंद्र तिवारी और कौशल किशोर ने शपथपत्र प्रस्तुत कर बताया कि उन्होंने समिति पर गेहूं की तौल कराई थी और उन्हें उनकी बकाया राशि का भुगतान प्राप्त हो चुका है। किसानों के इन शपथपत्रों के बाद भुगतान नहीं होने संबंधी शिकायत के दावे पर सवाल खड़े हो गए।
वर्ष 2022 के भुगतान को लेकर भी नहीं पेश कर सके साक्ष्य
शिकायतकर्ता की ओर से वर्ष 2022 में गेहूं तौल और भुगतान से संबंधित आरोप भी लगाए गए थे। हालांकि, पुलिस जांच के दौरान शिकायतकर्ता गेहूं तौल की कोई पर्ची अथवा आरोपों की पुष्टि करने वाला वैध साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि आवेदक द्वारा लगाए गए आरोप जांच में सिद्ध नहीं हुए।
सचिव ने लगाया मानसिक प्रताड़ना का आरोप
वहीं सचिव रजनीकांत मिश्रा का आरोप है कि उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उनका कहना है कि कुछ लोगों द्वारा बिना किसी उचित कारण के उनके घर पहुंचकर वीडियो बनाए जा रहे हैं और उनके खिलाफ भ्रामक माहौल तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे उनकी सामाजिक छवि प्रभावित होने के साथ वे मानसिक रूप से भी परेशान हो रहे हैं।
सचिव ने कहा कि वह समिति में नियमों के अनुसार निष्पक्षता के साथ अपना कार्य कर रहे हैं। उनका आरोप है कि बेबुनियाद आरोप लगाकर और वीडियो बनाकर उन्हें दबाव में लेने तथा उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
शांति व्यवस्था के लिए पुलिस ने की निरोधात्मक कार्रवाई
प्रकरण में विवाद की स्थिति को देखते हुए शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार मौके पर वर्तमान में शांति व्यवस्था कायम है।
सचिव रजनीकांत मिश्रा ने कहा कि यदि इसी तरह बिना आधार के आरोप लगाकर उन्हें परेशान करने अथवा उनकी छवि खराब करने का प्रयास दोबारा किया गया तो वह आवश्यक कानूनी कार्रवाई का सहारा लेंगे।