प्रारंभिक अर्हता परीक्षा के अंतिम दिन परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा!

रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज 

 

महराजगंज। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 के अंतिम दिन रविवार को परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने महराजगंज सदर स्थित जीएसवीएस इंटर कॉलेज, महराजगंज इंटर कॉलेज, जवाहरलाल नेहरू स्मारक स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा भिटौली बाजार स्थित शिव जपत सिंह इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की जांच, प्रवेश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हो रही निगरानी का बारीकी से निरीक्षण किया।

 

उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और परीक्षार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर विशेष जोर दिया।

 

पुलिस प्रशासन की सक्रिय निगरानी और सुरक्षा इंतजामों के बीच प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 के अंतिम दिन परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। महराजगंज पुलिस ने परीक्षा की निष्पक्षता और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *