न्यूज़ 18 प्लस ब्यूरो | महराजगंज।
सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को महराजगंज में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया गया।
जागरूकता रैली पुलिस कार्यालय से निकलकर उद्योग चौराहा, नगर तिराहा और नवीन सब्जी मंडी होते हुए हनुमानगढ़ी पहुंची। इसके बाद नगर तिराहा होते हुए यातायात कार्यालय पहुंचकर रैली का समापन हुआ। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने आमजन को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने और सड़क पर सावधानी बरतने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के अनमोल जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। वाहन चलाते समय की गई छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सभी लोग यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
स्कूल-कॉलेजों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
यातायात माह के दौरान जनपद के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके लिए निबंध, चित्रकला और स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित सार्वजनिक स्थलों पर भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की जानकारी दी जाएगी।
नियम तोड़ने वालों पर चलेगा विशेष अभियान
यातायात माह के अंतर्गत दुर्घटना संभावित स्थलों और ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, गलत दिशा में वाहन चलाने और नशे में वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध चेकिंग अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। व्यावसायिक एवं सार्वजनिक परिवहन के चालकों को भी सुरक्षित वाहन संचालन और निर्धारित क्षमता के अनुसार सवारी बैठाने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके साथ ही सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने, गोल्डन ऑवर के महत्व और नेक मददगार की भूमिका के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।
पुलिस की अपील—सावधानी से बच सकती है अनमोल जिंदगी
महराजगंज पुलिस ने नागरिकों से दोपहिया वाहन चलाते समय स्वयं के साथ पीछे बैठे व्यक्ति को भी हेलमेट पहनाने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि यातायात संकेतों और नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, प्रतिसार निरीक्षक रूपेश कुमार, यातायात निरीक्षक अरुणेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे।