पैकॉली कला में सजेगा भक्ति और संस्कृति का संगम, दो दिवसीय ‘हनुमान महोत्सव-2026’ की भव्य तैयारी!
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज। जनपद के कचहरी बाजार स्थित पैकॉली कला में आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। यहां जय श्री हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय परिसर में दो दिवसीय 52वें ‘हनुमान महोत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आगामी 11 एवं 12 नवंबर को आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं पत्रकार रितेश पांडेय ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 11 नवंबर को सायं 5:05 बजे श्री हनुमान पूजन, सुंदरकांड पाठ एवं सहभोज के साथ होगा। इसके बाद शाम 7 बजे से अतिथि सम्मान समारोह, भव्य भजन संध्या और आकर्षक जागरण झांकी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
वहीं, महोत्सव के दूसरे दिन 12 नवंबर को सुबह 11 बजे से पारंपरिक विराट दंगल मेले का आयोजन होगा, जिसमें पहलवान अपने दांव-पेच का प्रदर्शन करेंगे। शाम 4 बजे से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके पश्चात शाम 7 बजे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा।
उल्लेखनीय है कि इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की स्थापना स्मृतिशेष राधेश्याम पांडेय जी ने की थी। उनकी स्मृति और परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष महोत्सव का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम संयोजक रितेश पांडेय ने समस्त ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों, धर्मप्रेमियों एवं गणमान्य नागरिकों से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर आयोजन की शोभा बढ़ाने और धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।