*कान्हा गोशाला का डीएम ने किया निरीक्षण, गोवंश के लिए ठंड से बचाव के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश!*

News 18 Plus/ Bureau/Maharajganj

 

106 गोवंश संरक्षित, 240 कुंतल भूसा और पशु आहार उपलब्ध; बीमार एवं कमजोर पशुओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर दिया जोर।

 

महराजगंज। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने चिउरहा स्थित कान्हा गोशाला का स्थलीय निरीक्षण कर गोवंश के संरक्षण, भरण-पोषण, चारा-भूसा, स्वास्थ्य परीक्षण और टीकाकरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से गोशाला में संरक्षित गोवंश की संख्या और उनके लिए उपलब्ध खाद्य सामग्री की जानकारी प्राप्त की।

 

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद ने बताया कि गोशाला में वर्तमान में कुल 106 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 78 नंदी और 28 गाय शामिल हैं। इनके भरण-पोषण के लिए लगभग 240 कुंतल भूसा, 10 कुंतल चूनी, 12 कुंतल चोकर, 1.2 कुंतल गुड़, छह कुंतल कपिला पशु आहार और 70 किलोग्राम नमक उपलब्ध है। गोशाला परिसर में बरसीम एवं जई की बोआई भी की गई है, जिससे जल्द ही हरा चारा उपलब्ध होने लगेगा। इस पर जिलाधिकारी ने हरे चारे की नियमित उपलब्धता शुरू होने तक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को गोशालाओं का नियमित भ्रमण कर गोवंश के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को सभी गोशालाओं में पशु चिकित्सकों का नियमित दौरा कराने तथा बीमार और कमजोर पशुओं के समुचित उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा।

 

आगामी शीत ऋतु को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों एवं अधिशासी अधिकारियों को गोवंश को ठंड से बचाने के लिए समय रहते आवश्यक इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोशालाओं में पर्याप्त भूसा, चारा, स्वच्छ पेयजल और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित होनी चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि गोवंश का संरक्षण एवं संवर्धन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसलिए गोशालाओं के संचालन, पशुओं के भरण-पोषण और स्वास्थ्य देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करें।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश को गुड़ एवं चना खिलाया और उनकी देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद आलोक कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *