बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़! पिकअप के खुले डाले में बैठाकर खेल प्रतियोगिता में ले जाए गए स्कूली बच्चे!

सरकारी कम्पोजिट विद्यालय कुड़वा उर्फ मुड़कटिया का मामला, तस्वीर सामने आने के बाद उठे सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल; हादसा होने पर कौन लेगा जिम्मेदारी?

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज।

 

महराजगंज। परतावल ब्लॉक के ग्राम कुड़वा उर्फ मुड़कटिया स्थित सरकारी कम्पोजिट विद्यालय के बच्चों को खेल प्रतियोगिता में ले जाने के लिए जिस तरीके का इस्तेमाल किया गया, उसने बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सामने आई तस्वीर में विद्यालय के बच्चे पिकअप वाहन के खुले लोडिंग हिस्से में बैठकर यात्रा करते दिखाई दे रहे हैं। यह नजारा सरकारी विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले दावों की हकीकत पर सवाल खड़ा कर रहा है।

 

बताया जा रहा है कि बच्चों को खेल प्रतियोगिता में शामिल कराने के लिए पिकअप वाहन से ले जाया जा रहा था। लेकिन सवाल यह है कि आखिर छोटे-छोटे बच्चों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के बजाय उन्हें मालवाहक वाहन के खुले हिस्से में बैठाकर ले जाने का निर्णय किसने लिया? क्या विद्यालय प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा का ध्यान नहीं था या फिर इस तरह के परिवहन को लेकर कोई व्यवस्था ही नहीं की गई?

 

सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि पिकअप के खुले हिस्से में यात्रा के दौरान अचानक ब्रेक लगने, वाहन के असंतुलित होने या सड़क दुर्घटना की स्थिति में बच्चों की जान जोखिम में पड़ सकती थी। यदि रास्ते में कोई अनहोनी हो जाती तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होती?

 

इस मामले में विद्यालय प्रशासन और संबंधित शिक्षा विभाग के अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए। आखिर बच्चों को प्रतियोगिता में ले जाने के लिए सुरक्षित वाहन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इस परिवहन व्यवस्था की जानकारी थी?

 

अब देखना यह है कि तस्वीर सामने आने के बाद शिक्षा विभाग इस मामले का संज्ञान लेकर जांच कराता है या फिर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर सवाल को भी अनदेखा कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *