*बारात में हुड़दंग का विरोध करने पर दामाद की लाठी-डंडों से पिटाई, जान से मारने की धमकी!*

News 18 Plus/ Bureau/ Siswa Kothibar 

 

कोठीभार में शादी समारोह के दौरान हुई घटना, पीड़ित की तहरीर पर कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

 

 

महराजगंज। थाना कोठीभार क्षेत्र के सबया उत्तर टोला गांव में शादी समारोह के दौरान बारात में हुड़दंग करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने घर के दामाद को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबया उत्तर टोला निवासी राधेश्याम पुत्र सोमई ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 19 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे उनकी बेटी की बारात आई हुई थी। इसी दौरान गांव के बगलगीर सागर पुत्र ओमप्रकाश, देवेंद्र तथा देवेंद्र पुत्र भगवन्त के पुत्र आनंद सागर और गंगा सागर सहित अन्य लोग बारात में पहुंचकर हुड़दंग करने लगे।

 

आरोप है कि जब राधेश्याम और परिवार के लोगों ने उन्हें ऐसा करने से मना किया तो वे गाली-गलौज पर उतर आए। इसके बाद आरोपियों ने राधेश्याम के दामाद दीन दयाल पुत्र नगीना पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दीन दयाल को काफी चोटें आईं। आरोपियों ने जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी।

 

इस संबंध में थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित राधेश्याम की तहरीर पर 23 नवंबर 2026 को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *