*निःशुल्क एएलएस एम्बुलेंस सेवा मरीजों के लिए बनी संजीवनी।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राजीव त्रिपाठी /महाराजगंज 

सह संपादक 

महराजगंज:उत्तर प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार की संयुक्त पहल से संचालित निःशुल्क एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट) एम्बुलेंस सेवा गंभीर मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और आवश्यक दवाइयों से सुसज्जित यह सेवा मरीजों को निचले स्तर की चिकित्सा इकाइयों से उच्च स्तरीय सरकारी अस्पतालों तक सुरक्षित और निरंतर निगरानी में पहुंचाने का कार्य कर रही है।

हाल ही में आनंदनगर फरेंदा के मिल गेट वार्ड नंबर 10 निवासी 70 वर्षीय श्रीमती प्रभावती को अचानक श्वसन समस्या और सीने में तेज दर्द की शिकायत होने पर उनके पुत्र चंदन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा (बनकटी) में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया।

रेफरल की सूचना मिलते ही एएलएस एम्बुलेंस (UP32BG8174) के ईएमटी संतोष कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और मरीज को तत्काल एम्बुलेंस में शिफ्ट कर आवश्यक चिकित्सा देखभाल शुरू की। यात्रा के दौरान उन्होंने लगातार मरीज के वाइटल्स की निगरानी की, ऑक्सीजन सपोर्ट दिया और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार समय-समय पर नेबुलाइजेशन भी कराया।

एम्बुलेंस टीम की तत्परता के चलते मरीज को समय रहते किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती करा दिया गया, जहां उचित उपचार मिलने से उनकी हालत में काफी सुधार हुआ है।

मरीज और उनके परिजनों ने सरकार की इस निःशुल्क एएलएस एम्बुलेंस सेवा के प्रति आभार जताते हुए इसे आमजन के लिए एक बड़ी राहत और वरदान बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *