*महराजगंज में मामूली विवाद बना जानलेवा: जूते को लेकर झगड़े में बड़े भाई ने छोटे की ली जान।*

ब्यूरो रिपोर्ट /राकेश त्रिपाठी घुघली 

मुख्य सम्पादक 

महराजगंज जनपद के घुघली थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि एक भाई ने अपने ही छोटे भाई की जान ले ली। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।

 

घटना सोमवार सुबह करीब 10:35 बजे ग्राम चौमुखा नौका टोला की है। जानकारी के मुताबिक, 16 वर्षीय सूरज शर्मा और उसके 15 वर्षीय छोटे भाई लक्ष्मण शर्मा के बीच ऑनलाइन मंगाए गए नए जूतों को पहले पहनने को लेकर कहासुनी शुरू हुई। शुरुआत में यह विवाद सामान्य था, लेकिन देखते ही देखते दोनों भाइयों के बीच तनाव बढ़ गया।

 

आरोप है कि गुस्से में आकर बड़े भाई सूरज ने पास में रखी कैंची उठा ली और छोटे भाई लक्ष्मण पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने सिर और हाथ पर कई वार किए, जिससे लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

 

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में लक्ष्मण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल महाराजगंज रेफर कर दिया गया। लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 

इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

 

थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

यह घटना समाज के सामने एक गंभीर सवाल खड़ा करती है कि आखिर एक मामूली बात किस तरह इतनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *