ब्यूरो रिपोर्ट /अनुभव पटेल महराजगंज
न्यूज 18प्लस संवाददाता
महराजगंज पुलिस अधीक्षक जनपद महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। “प्रतिबिम्ब पोर्टल / हॉट स्पॉट” अभियान के अंतर्गत एक संगठित साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 05 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 01 बाल अपचारी को संरक्षण में लेकर विधिक कार्यवाही की गई है।
जांच के दौरान चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। गिरोह का मुख्य सरगना जनसेवा केंद्र संचालकों और स्थानीय युवाओं को ट्रांजैक्शन पर 2.5 प्रतिशत कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खातों का अवैध रूप से इस्तेमाल कर रहा था। इन खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम को इधर-उधर ट्रांसफर कर पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश की जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुनियोजित तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए आम जनता से अपील की है कि किसी भी लालच या अनजान लिंक/कॉल के झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
यह कार्रवाई न केवल साइबर अपराधियों के हौसले पस्त करने वाली है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी एक सख्त संदेश है कि कानून से बचना अब आसान नहीं।