रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
महराजगंज जनपद के ठूठीबारी थाना क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल निर्देशन में कार्यवाही करते हुए थाना ठूठीबारी पुलिस टीम ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर गड़ौरा बाजार क्षेत्र में दबिश देकर अभियुक्त नीरज राजभर (18 वर्ष) निवासी बालखुर्द, थाना चौरी-चौरा, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 33/26 के तहत धारा 137(2)/65(1) BNS एवं 5J(II)/6 पोक्सो एक्ट के अंतर्गत गंभीर आरोप दर्ज थे, जिसकी पुलिस को लंबे समय से तलाश थी।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी की और उसे माननीय न्यायालय महराजगंज के समक्ष पेश करने हेतु रवाना कर दिया।
इस सफल कार्रवाई में उ०नि० दिनेश सिंह यादव, का० रामू गौड़ और का० दिलीप यादव की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।