रिपोर्ट नरसिंह उपाध्याय महराजगंज
महराजगंज जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा को नकल विहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जवाहरलाल नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय तथा महामाया आईटी पॉलिटेक्निक समेत कई परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया गया।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी निगरानी, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वहीं पुलिस प्रशासन को परीक्षा केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखने, आसपास शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया, जिसके लिए आवश्यक डायवर्जन एवं बैरियर लगाए गए।
जनपद प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त निगरानी में परीक्षा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।