Bureau Report /Rajiv Tripathi /Maharajganj News 18 Plus/ Co-Editor
जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश!
महराजगंज, 02 मई 2026 विकास खंड नौतनवा के वाइब्रेंट विलेज योजना में चयनित ग्राम पंचायत श्याम काट में प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और मौके पर समाधान के निर्देश दिए गए।
चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन को गांव तक पहुंचाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना है, ताकि आमजन को भटकना न पड़े। उन्होंने बताया कि नेपाल सीमा से लगे गांवों को वाइब्रेंट विलेज योजना में शामिल कर उनके समग्र विकास की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे पलायन रुकेगा और बुनियादी सुविधाएं बेहतर होंगी।
अधिकारियों को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट लगाना अनिवार्य किया जाए।
चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और मौके पर आवेदन भी कराए गए। ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा गया कि इससे पारदर्शिता बनी रहती है और पात्र लोगों को ही लाभ मिलता है।
इस दौरान प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके तहत उपभोक्ताओं को ₹1.08 लाख तक का अनुदान दिया जाता है, जिससे बिजली बिल में कमी के साथ अतिरिक्त आय भी संभव है।
खंड विकास अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत की जनसंख्या 1540 है, जिसमें 244 परिवार निवास करते हैं। गांव में 73 आयुष्मान कार्ड, 247 किसानों को किसान सम्मान निधि, 288 पात्र गृहस्थी कार्ड, 25 अंत्योदय कार्ड, 108 वृद्धावस्था पेंशन, 11 निराश्रित महिला पेंशन तथा 3 दिव्यांग पेंशन लाभार्थी हैं। 40 परिवारों की फैमिली आईडी बनाई जा चुकी है। फॉर्मर रजिस्ट्री और फैमिली आईडी के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। साथ ही 52 मरीजों को चिकित्सा परामर्श व दवा, 11 की स्वास्थ्य जांच, 13 किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री, 130 पशुओं को दवा वितरण और 72 पशुओं का टीकाकरण किया गया।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।