Bureau Report /Rakesh Tripathi /Maharajganj News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज, 02 मई 2026 जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने नौतनवा तहसील के ग्राम पंचायत सेखुआनी स्थित श्री सुभाषचन्द्र बोस आवासीय विद्यालय, सोनौली नौतनवा में चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यह निर्माण कार्य यू.पी. स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सरिया में जंग पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिया कि सरिया का उपयोग केवल समुचित रासायनिक उपचार के बाद ही किया जाए, अन्यथा नई सरिया लगाकर कार्य कराया जाए।
उन्होंने निर्माण स्थल पर बने गड्ढों को तत्काल मिट्टी भरकर समतल कराने के भी निर्देश दिए। विद्यालय में बालक एवं बालिकाओं के लिए दो आवासीय परिसर बनाए जा रहे हैं, जिनमें कुल 21 कमरे होंगे।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
परियोजना की कुल स्वीकृत लागत 1030 लाख रुपये है, जिसमें से 515 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं। कार्य वर्ष 2024 में शुरू हुआ था और अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम नौतनवा नवीन कुमार, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।