Bureau Report /Santosh Kumar Siswa Kothibar /News 18 Plus/ Correspondent
महराजगंज (सिसवा कोठीभार):जनपद के सिसवा कोठीभार थाना क्षेत्र में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता साफ तौर पर देखने को मिली। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।
जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने जमीन विवाद, पारिवारिक कलह, मारपीट समेत विभिन्न समस्याएं पुलिस के समक्ष रखीं। थानाध्यक्ष ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे कई पीड़ितों को तुरंत राहत मिली।
इस दौरान थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा ने पुलिसकर्मियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जनसुनवाई को औपचारिकता न समझें, बल्कि इसे जनता को त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) से जुड़े मामलों को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शत-प्रतिशत और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि आईजीआरएस के किसी भी प्रकरण में लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से शिकायतों का समाधान करना ही पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जनसुनवाई के दौरान मौके पर ही समस्याओं का समाधान होने से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जनसुनवाई से आमजन को बड़ी राहत मिलती है।