Bureau Report /Dilip Kumar Pandey Nautanwa /News 18 Plus /Correspondent
महराजगंज:सोशल मीडिया पर स्टंटबाजी कर वाहवाही लूटने की कोशिश एक युवक को महंगी पड़ गई। नौतनवा क्षेत्र में चलती स्कॉर्पियो से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल होते ही महाराजगंज पुलिस हरकत में आ गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने वाहन को सीज कर ₹50 हजार का चालान ठोक दिया।
वायरल वीडियो में एक युवक मुख्य मार्ग पर चलती काले रंग की स्कॉर्पियो से बाहर निकलकर जानलेवा स्टंट करता नजर आ रहा था। मामला संज्ञान में आते ही नौतनवा पुलिस ने वीडियो की जांच कर युवक की पहचान प्रिन्स मद्वेशिया पुत्र रमेश मद्वेशिया, निवासी जगरनाथपुर टोला परशुरामपुर, थाना सोनौली के रूप में की।
पुलिस ने संबंधित स्कॉर्पियो वाहन के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए ₹50,000 का चालान किया और वाहन को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया।
महराजगंज पुलिस ने साफ कहा है कि सड़क पर स्टंटबाजी कर खुद और दूसरों की जान खतरे में डालने वालों के खिलाफ आगे भी “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए यातायात नियमों की अनदेखी न करने की अपील की है।